आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनावों के लिए अपनी पहली सूची जारी की

शिमला. 20 सितंबर : आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनावो को लेकर आज अपनी पहली सूची जारी की। पहली सूची में 4 नाम उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। विधानसभा चुनावों में उम्मीदवारों को मैदान में उतारने में आम आदमी पार्टी ने बाजी मार ली है। आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संदीप पाठक और प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। जिसमें फतेहपुर से पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद, राजन सुशांत को उम्मीदवार बनाया  है। वहीं पावंटा साहिब से, मनीष ठाकुर, नगरोटा से ,उमाकांत डोगरा और लाहौल स्फीति से, सुदर्शन जस्पा को उम्मीदवार बनाया है। आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश के गांव गांव में संगठन को मजबूत कर चुनावी जंग में मजबूती के साथ ताल ठोंक दी है। प्रदेश में ईमानदार सरकार बनाने के लिए ईमानदार छवि के लोगों को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। आम आदमी पार्टी को प्रदेश की जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। केजरीवाल के द्वारा दी गईं 10 गारंटियों पर प्रदेश की जनता भरोसा कर आम आदमी पार्टी को खुलकर समर्थन दे रही है। आम आदमी पार्टी प्रदेश के लोगों के बीच विकल्प के रुप में पहली पसंद बनकर उभरी है। आम आदमी पार्टी प्रदेश की पूरे 68 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की मजबूती के दम पर चुनाव लडने के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं आप की पहली सूची जारी होने पर सभी उम्मीदवारों को,आप प्रदेश अध्यक्ष ने बधाई देते हुए ट्वीट किया और कहा,सभी प्रत्याशियों को मेरी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे पूरा विश्वास है आप सभी @ArvindKejriwal  जी की नीतियों को आगे रखकर पूरी ईमानदारी से चुनाव लड़ेंगे।

ईमानदार छवि के राजन सुशांत ने भ्रष्टाचार से नहीं किया कभी समझौता, मंत्री पद से इस्तीफा भी दिया, संसद से भी त्याग पत्र दिया  

कांगड़ा जिले की फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद रहे राजन सुशांत को उम्मीदवार बनाया गया है। राजन सुशांत की छवि एक संघर्षशील और ईमानदार नेता के रुप में रही है। राजन सुशांत लंबे समय से प्रदेश के लोगों की मांगों को उठाते हुए आंदोलन कर रहे हैं। करीब 45 साल से अधिक के राजनैतिक सफर में राजन सुशांत पर कभी भ्रष्टाचार के दाग नहीं लगे। हमेशा जनता की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ होने वाले आंदोलनों में बढ़ चढ़कर भाग लेते रहे हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण ही राजन सुशांत को भाजपा ने पार्टी से निकाल दिया था। राजन सुशांत जेपी आंदोलन में शामिल हुए और इमरजेंसी के दौरान 8 माह जेल में भी रहे हैं। शहीद भगत सिंह के विचारों से प्रभावित राजन सुशांत राजनीति में आए और 1982 में पहली बार ज्वाली विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने। उस समय राजन सुशांत सबसे कम उम्र के विधायक रहे हैं। 1982 में ही विधायक रहते हुए शाहनहर के लिए आंदोलन किया। जिससे पंजाब से समझौता हुआ और हजारों प्रभावितों को इससे फायदा पहुंचा। चार बार विधायक रहे राजन सुशांत ने भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर अपनी ही भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज उठाई और वर्ष 2000 में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद राजन सुशांत 2007 के विधानसभा चुनावों में चौथी बार विधायक बने। इसके बाद 2009 में कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़े और जीतकर सांसद बने। राजन सुशांत ने भ्रष्टाचार की खिलाफत करते हुए अन्ना आंदोलन का समर्थन किया। इसके बाद 2014 में लोकसभा और भाजपा दोनों से इस्तीफा दे दिया। जिससे साबित होता है कि राजन सुशांत ने अपने राजनैतिक सफर में कभी भ्रष्टाचार से समझौता नहीं किया। अपनी ही सरकार में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई और मंत्री पद से इस्तीफा भी दिया। 

यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व राष्ट्रीय महासचिव रह चुके,युवा और जुझारू नेता मनीष ठाकुर लड़ेंगे पावंटा साहिब से चुनाव 
   
पांवटा साहिब से आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष मनीष ठाकुर को उम्मीदवार बनाया गया है। मनीष ठाकुर लंबे समय से सामाजिक आंदोलनों से जुड़े रहे हैं और क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को हमेशा उठाते रहे हैं। छात्र जीवन से राजनीति में सक्रिय मनीष ठाकुर ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं और यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के पद पर भी रहे। मनीष ठाकुर विगत 25 वर्षों से सामाजिक- राजनीतिक क्षेत्र में पांवटा साहिब सहित पूरे हिमाचल में  सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में कार्य शुरू करने वाले मनीष ने अपने सांगठनिक क्षमता और आम जनता की कार्यों के प्रति समर्पण के बल पर ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस के हिमाचल  प्रदेश अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय महासचिव के पद तक का सफर तय किया। सन 2012 के युवा कांग्रेस के अपने चुनाव में  वर्तमान कसुम्पटी विधायक अनिरुद्ध सिंह को  हराकर मनीष कुमार शिमला लोकसभा युवा  कांग्रेस के अध्यक्ष  बने । राजनीतिक कार्यों के साथ साथ वे युवाओं, महिलाओं और गरीबों के बीच में लगातार  स्वास्थ्य, शिक्षा तथा रोजगार के बढ़ावे के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ कर कार्य करते रहे हैं। कोविड महामारी के दौरान उन्होंने अपने युवा समूहों के साथ मिलकर हज़ारों लोगों तक राशन, दवाईयां तथा इलाज की अन्य व्यवस्था पहुंचाने का कार्य भी किया। अब पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रुप में उतरकर मनीष ठाकुर कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी को पछाड़ने का संकल्प लेकर मैदान में उतरे हैं। 

जिला परिषद के चुनावों में भाजपा-कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को हराया था, अब विधानसभा में हराने के लिए उतरे सुदर्शन जस्पा

आम आदमी पार्टी ने लाहौल स्फीति विधानसभा क्षेत्र से सुदर्शन जस्पा को उम्मीदवार घोषित किया है। क्षेत्र में एक समाज सेवी के रुप में पहचान बनाने वाले सुदर्शन जस्पा छात्र राजनीति से ही छात्रों की मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन करते रहे हैं। वह 2015 से 2020 तक जिला परिषद के सदस्य भी रहे हैं। 2017 के विधानसभा चुनावों में निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में उतरकर कांग्रेस और भाजपा को कड़ी चुनौती देने में कामयाब रहे। सुदर्शन जस्पा ने 2022 में पंजाब चुनावों में आम आदमी पार्टी को मिली भारी जीत के बाद आम आदमी पार्टी में शामिल हुए और गांव गांव तक आम आदमी पार्टी के संगठन को मजबूत करने में जुटे रहे। वह आम आदमी पार्टी के जिला प्रभारी के रुप में कार्य कर रहे हैं। वहीं दा लाहौल पटेटो ग्रोवर कोऑपरेटिव मार्केटिंग कम प्रोसेसिंग सोसायटी के अध्यक्ष भी हैं। जिससे लाहौल स्फीत के किसानों के बीच सुदर्शन जस्पा की अच्छी पकड़ हैं। 

क्षेत्र में समाज सेवक के रुप पहचाने जाने वाले उमाकांत डोगरा हमेशा सरकार के समक्ष उठाते रहे जनता के मुद्दे

कांगड़ा जिले की नगरोटा विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी ने उमाकांत डोगरा को प्रत्याशी घोषित किया है। उमाकांत डोगरा आम आदमी पार्टी ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष के रुप में कार्य करते हुए क्षेत्र की हर पंचायत में संगठन को मजबूत करने का काम किया है। उमाकांत डोगरा ग्राम पंचायत सरोतरी के प्रधान रहे हैं और ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन महाविधालय बाबा बड़ोह के अध्यक्ष है । उमाकांत डोगरा लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की मांगों को सरकार के समक्ष मीडिया के माध्यम से उठाते रहे हैं। अब आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रुप में चुनावी दंगल में उतरे हैं।

  • Tags

0 Comments

Leave us a Comment