Election – 13 राज्यों की 88 सीटों पर आज शाम थमेगा प्रचार

नई दिल्ली – दूसरे चरण के मतदान के लिए चुनावी शोर बुधवार की शाम थम जाएगा। इसके बाद कोई सार्वजनिक सभा नहीं होगी और प्रत्याशी और उनके स्टार प्रचारक अगले 48 घंटे तक घर-घर जाकर वोट मांग सकेंगे। दूसरे चरण में 12 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 88 लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, शशि थरूर, अभिनेत्री हेमा मालिनी, रामायण सीरियल के राम अरुण गोविल समेत 1,206 प्रत्याशी मैदान में हैं।पहले चरण के कम मतदान को देखते हुए चुनाव आयोग ने अपने कर्मियों को लोगों को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा है। इसके अलावा चुनाव आयोग ने इस बार से एक नया प्रयोग भी किया है, उसने शहरी इलाकों की बहुमंजिली इमारतों में वहीं पर मतदान की व्यवस्था की है। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक है, लेकिन अगर समय खत्म होने के बाद भी लोग लाइन में रह जाते हैं तो उनका वोट भी डलवाया जाएगा।

दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर मतदान होगा, जहां 91 उम्मीदवार हैं। सबसे ज्यादा गौतमबुद्धनगर और मथुरा सीट पर 15-15 उम्मीदवार हैं। बुलंदशहर में सबसे कम केवल छह प्रत्याशी मैदान में हैं। अमरोहा में 12, मेरठ में आठ, बागपत में सात, गाजियाबाद और अलीगढ़ में 14-14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इस चरण में प्रदेश की गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, अमरोहा, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा सीट के लिए मतदान होगा।तीसरे चरण में गुजरात की 26 सीटों के बाद महाराष्ट्र में 11 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा, जहां 519 प्रत्याशी मैदान में हैं। महाराष्ट्र के उस्मानाबाद सीट पर सबसे अधिक 77 और छत्तीसगढ़ की बिलासपुर सीट पर 68 प्रत्याशी हैं। तीसरे चरण में असम की 4, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 7, दादरा और नगर हवेली और दमन व दीव की 2, गोवा की 2, गुजरात की 26, जम्मू-कश्मीर की 1 सीट पर मतदान होगा। इसके अलावा, कर्नाटक की 14, मध्य प्रदेश की 9, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की 10 और पश्चिम बंगाल की 4 लोकसभा सीटों के लिए भी वोट डाले जाएंगे।

  • Tags

0 Comments

Leave us a Comment