चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियाँ तेजः गढ़वाल आयुक्त ने स्टेकहोल्डर्स संग की बैठक

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा 2026 के सफल, सुव्यवस्थित और सुरक्षित संचालन को लेकर सोमवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने की, जिसमें होटल एसोसिएशन, टूर एंड ट्रेवल्स यूनियन और डंडी-कंडी संचालकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में यात्रा के दौरान संभावित चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। गढ़वाल पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप भी बैठक में उपस्थित रहे।

गढ़वाल आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘अतिथि देवो भवः’ संकल्प के अनुरूप चारधाम यात्रा की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि चारों धामों के कपाट खुलने की तिथियां घोषित की जा चुकी हैं। अक्षय तृतीया के अवसर पर 19 अप्रैल 2026 को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलेंगे, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।

आयुक्त ने कहा कि यात्रा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा। होटल एसोसिएशन, टूर एंड ट्रेवल्स यूनियन तथा डंडी-कंडी संचालकों द्वारा उठाए गए मुद्दों के समाधान के लिए अपर आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है। समिति की संस्तुतियां प्राप्त होते ही शीघ्र निर्णय लेकर चारधाम पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ करने का प्रयास किया जाएगा।

होटल एसोसिएशन की मांग पर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष यात्रियों की संख्या पर कोई सीमा नहीं होगी, हालांकि प्रत्येक यात्री के लिए पंजीकरण अनिवार्य रहेगा। फर्जी पंजीकरण पर रोक लगाने के लिए न्यूनतम शुल्क निर्धारित किया जाएगा तथा पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा।

टूर एंड ट्रेवल्स यूनियन की मांग पर स्थानीय वाहनों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को निजी वाहनों द्वारा अवैध रूप से सवारी ढोने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि अधिकृत वाहन संचालकों के हित सुरक्षित रहें और यात्रियों की सुरक्षा बनी रहे। साथ ही जिन होटलों में यात्री ठहरेंगे, वहीं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

डंडी-कंडी संचालकों के साथ हुई चर्चा में उनके पंजीकरण, सत्यापन और शुल्क निर्धारण की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में होटल एसोसिएशन ने पंजीकरण प्रक्रिया समय से शुरू करने, चारों धाम की यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों को प्राथमिकता देने और होटल बुकिंग कराने वाले यात्रियों को वरीयता देने का सुझाव रखा। वहीं टूर एंड ट्रेवल्स यूनियन ने बाहरी ट्रेवल एजेंसियों के वाहनों पर प्रतिबंध और निजी वाहनों द्वारा सवारी ढोने पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

गढ़वाल आयुक्त ने सभी स्टेकहोल्डर्स को आश्वस्त किया कि उनके सुझावों को लागू कर चारधाम यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि और यात्रा से जुड़े संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

  • Tags

0 Comments

Leave us a Comment