उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को मिलेगी मजबूती, 2,250 सदस्यों के साथ 133 क्विक रिस्पांस टीमें गठित
देहरादून। उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने और राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने के लिए राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। प्रदेश में 133 क्विक रिस्पांस टीमें (क्यूआरटी) गठित की गई हैं, जिनमें 2,250 सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।
शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन से जुड़ी चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। ऐसे मामलों में प्रभावित परिवारों को एसडीआरएफ के मानकों के अनुसार राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण देने की घोषणा की। प्रशिक्षित लोगों के माध्यम से आम नागरिकों को भी आपदा से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
शिक्षण संस्थानों में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों और कॉलेजों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र या आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान निस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा से पहले तैयारी, जनजागरूकता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस घटना से आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुए। 12 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। करीब 17 दिनों तक चले प्रयासों के बाद 28 नवंबर को सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इस अभियान में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ विभिन्न बचाव एजेंसियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि आपदा प्रबंधन में पूर्व तैयारी, त्वरित कार्रवाई और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण तीनों महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने राहत का लाभ अंतिम प्रभावित व्यक्ति तक समय पर पहुंचाने के लिए आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ संस्थानों और स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सिलक्यारा अभियान, पूर्व चेतावनी प्रणाली, आपदा जोखिम न्यूनीकरण और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा और भरत सिंह चौधरी सहित शासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश के जिलाधिकारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक और विद्यार्थी भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।





0 Comments