सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं का निर्माण तय समयसीमा में पूरा करें: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन

पहाड़ का सच, देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने दोनों परियोजनाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं के तहत विकसित होने वाले जलाशयों और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित करने की संभावनाओं पर काम किया जाए।

उन्होंने दोनों परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को एकल बिंदु प्रभारी (प्रोजेक्ट मैनेजर) नियुक्त करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा।

जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कॉफर डैम का निर्माण मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की भौतिक प्रगति के साथ निर्माण कार्यों के फोटो और वीडियो नियमित रूप से स्टेट प्रगति पोर्टल पर अपलोड करने को कहा, ताकि वास्तविक प्रगति की प्रभावी निगरानी की जा सके।

उन्होंने कंक्रीटिंग और उत्खनन (एक्सकैवेशन) कार्यों की समयसीमा स्पष्ट करते हुए विस्तृत पीईआरटी चार्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए। इसमें उत्खनन कार्य की दिनवार प्रगति और निर्धारित समयसीमा का उल्लेख करते हुए इसे आगामी उच्चाधिकार प्राप्त समिति (एचपीसी) की बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।

सौंग बांध परियोजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने मार्च तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुनर्वास से जुड़े कार्यों की सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी करने को कहा। इसके अलावा परियोजनाओं की संशोधित लागत (रिवाइज्ड कॉस्ट) का अनुमोदन एक ही बार में प्राप्त करने के लिए सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) सहित अन्य संबंधित संस्थाओं से आवश्यक परीक्षण और अनुमोदन की प्रक्रिया भी समय रहते पूरी करने को कहा, ताकि भविष्य में निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

सौंग बांध परियोजना की प्रगति

सौंग बांध परियोजना के निर्माण कार्यों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। परियोजना को पर्यावरणीय, वन एवं तकनीकी स्वीकृतियां नवंबर 2024 तक प्राप्त हो चुकी हैं। मार्च 2024 में विशेष सहायता योजना (SASCI) के तहत 2,491.96 करोड़ रुपये की शेष परियोजना लागत के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी।

मुख्य बांध का निर्माण नवंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के तहत 130.60 मीटर ऊंचे बांध और सहायक संरचनाओं के साथ 150 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा लगभग 88 किलोमीटर लंबी फीडर मेन का निर्माण भी शामिल है।

वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक क्रमशः 88 करोड़, 140 करोड़ और 173 करोड़ रुपये की धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग किया जा चुका है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में 39.60 करोड़ रुपये की धनराशि भी पूरी तरह खर्च की गई है। परियोजना की भौतिक प्रगति वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 30 प्रतिशत लक्ष्य के मुकाबले 21 प्रतिशत दर्ज की गई है।

जमरानी बांध परियोजना की प्रगति

जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण कार्यों में भी तेजी आई है। परियोजना के तहत कार्यालय भवन, आवासीय भवन, कॉलोनियों और सर्विस रोड सहित आधारभूत ढांचे का 90 प्रतिशत, डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत और क्रशिंग, बैचिंग एवं मिक्सिंग प्लांट की स्थापना का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

इसके अलावा कॉफर डैम का 50 प्रतिशत तथा स्ट्रिपिंग फाउंडेशन और एबटमेंट का 40 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। 21.25 किलोमीटर नई नहर के निर्माण और 40.82 किलोमीटर नहर के रीमॉडलिंग एवं नवीनीकरण कार्य की प्रगति 32.46 प्रतिशत है। परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार बांध का निर्माण जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम और डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

  • Tags

0 Comments

Leave us a Comment