मुख्यमंत्री धामी से सपना राणा की मुलाकात, जर्मनी में नौकरी पर चर्चा हुई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में सपना राणा ने मुलाकात की। सपना राणा ने राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अन्तर्गत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त कर भाषा परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके उपरान्त उन्हें जर्मनी के हैमबर्ग शहर के शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल (Schon Klinik) में 3060 यूरो (₹3,30,000) प्रतिमाह के वेतन पर नियुक्ति प्राप्त हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अन्तर्गत कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा गठित विदेश रोजगार प्रकोष्ठ के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार के अवसरों से राज्य के युवाओं को जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा राज्य के युवाओं को जापान एवं जर्मनी में सेवायोजित किए जाने हेतु भाषा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। अब तक करीब 65 युवाओं को जापान में सेवायोजित किया जा चुका है।

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रकोष्ठ द्वारा जर्मन भाषा का प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण को प्राप्त करने के उपरान्त टिहरी गढ़वाल की नर्सिंग प्रशिक्षित युवा सपना राणा का जर्मनी में नर्स के रूप में चयन हुआ है।

सपना राणा ने अपनी स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, पोखाल (टिहरी गढ़वाल) से तथा नर्सिंग की शिक्षा स्टेट नर्सिंग कॉलेज, देहरादून से प्राप्त की। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अन्तर्गत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्हें जर्मनी के हैमबर्ग शहर के शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल में नियुक्ति मिली।

इस अवसर पर सचिव सी. रविशंकर भी मौजूद रहे।

  • Tags

0 Comments

Leave us a Comment