मुख्यमंत्री धामी ने अमर उजाला संवाद में विकास की मुख्य उपलब्धियों पर चर्चा की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अमर उजाला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से अभिनेता राकेश बेदी को सम्मानित किया एवं अमर उजाला उत्तराखंड एचीवर्स विशेषांक का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में जी.ई.पी. (ग्रॉस एनवायरमेंट प्रोडक्ट) के आंकलन की व्यवस्था शुरू की गई है। राज्य सरकार इकोलॉजी, इकोनॉमी और टेक्नोलॉजी के समन्वय के साथ कार्य कर रही है। राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को गति दी जा रही है। हमारा संकल्प है कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास को आगे बढ़ाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा आस्था और श्रद्धा की यात्रा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम का भव्य निर्माण कार्य किया जा रहा है। ऑल वेदर सड़कों से यात्रा सुगम हुई है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार यात्रा समाप्त होते ही अगली यात्रा की तैयारी शुरू कर देती है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा पूरी की है। सीमांत क्षेत्र आदि कैलाश में पहले महज 400 से 500 लोग यात्रा पर पहुंचते थे, लेकिन इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 45 हजार हो गई है। इसके साथ ही अब श्रद्धालु शीतकालीन यात्रा के लिए भी उत्तराखंड आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प है कि देवभूमि का मूल स्वरूप बना रहे और इसकी आस्था एवं श्रद्धा से कोई खिलवाड़ न करे। उन्होंने कहा कि भविष्य के लिए उत्तराखंड को बचाना हमारी जिम्मेदारी है। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित उत्तराखंड मिलना चाहिए। उत्तराखंड में अवैध कब्जे नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई राजस्व अभिलेखों के आधार पर होती है और यह आगे भी जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की परिकल्पना को साकार करने की शुरुआत है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता से किया गया वादा राज्य सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के साथ अन्य प्रदेशों में भी यूसीसी लागू किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। सभी नियुक्तियां पूर्ण रूप से पारदर्शिता के आधार पर हुई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिससे युवाओं का विश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होमस्टे योजना सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष नाता है और उत्तराखंड उनके हृदय में बसता है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, रेखा आर्या, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, प्रबंध निदेशक अमर उजाला तन्मय माहेश्वरी, अमर उजाला समूह के प्रेसिडेंट वरुण माहेश्वरी, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, प्रधान संपादक इंदुशेखर पंचोली, स्थानीय संपादक अनूप वाजपेयी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

  • Tags

0 Comments

Leave us a Comment