मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों के साथ की वर्चुअल बैठक
- सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश
- भू कानून का उल्लंघन पाए जाने पर भूमि राज्य सरकार में निहित करने के निर्देश
खटीमा/देहरादून, 25 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास से समस्त जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी भूमि की भी विस्तृत जांच की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की भी जांच की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इस अभियान में तेजी लाते हुए मामलों की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित की जाए तथा भू कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए। मुख्यमंत्री ने राज्य में स्थित शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वक्फ संपत्तियों का विवरण उम्मीद पोर्टल पर दर्ज किए जाने की नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही इन संपत्तियों से संबंधित सूचनाओं की भी नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच करने तथा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसेवा केंद्रों की जांच करने एवं अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी सुविधाओं का लाभ ले रहे अपात्र लोगों को चिन्हित करने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जनपदों को पूर्व तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री ने आंतरिक क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा ग्रीष्मकालीन मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी पानी की समस्या अथवा तकनीकी दिक्कत हो, उसे तत्काल प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में अनावश्यक ऊर्जा कटौती किसी भी स्थिति में न हो। यदि किसी कारणवश बिजली कटौती आवश्यक हो, तो इसकी पूर्व सूचना स्थानीय स्तर पर समय रहते आम जनता तक पहुंचाई जाए, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर आने वाले श्रद्धालुओं से निरंतर फीडबैक लिया जाए तथा प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्गों पर पीने के पानी की समुचित उपलब्धता बनाए रखने तथा ट्रैफिक प्रबंधन की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मानसखंड यात्रा के अंतर्गत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को आगामी माह तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि एवं उद्यान विभाग के माध्यम से संचालित पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाओं को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि कृषि और बागवानी के क्षेत्र में परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाने की आवश्यकता है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का लक्ष्य पूरा किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों को और अधिक तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जोशीमठ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मानसून से पहले आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता एवं निगरानी बढ़ाई जाए।




0 Comments