'ओ तेरे की' किसान आंदोलन आंच मे झुलसी बीजेपी? पंजाब मे बीजेपी सरकार में मंत्री रहे तीक्ष्ण सूद की पत्नी भी निकाय चुनाव हारी

चंडीगढ़ ब्यूरो

चंडीगढ़: पंजाब निकाय चुनाव के नतीजों का हर किसी को बेसब्री से इंतजार था और जैसे ही रिजल्ट आने लगे, वही हुआ जिसका अंदाजा था। कांग्रेस ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया है और लगभग उसने कई नगर निगमों में क्लीन स्वीप कर लिया। अकाली दल भी दमदार प्रदर्शन करते दिखे हैं। आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा है। इन नतीजों के बीच सबसे बड़ा झटका भारतीय जनता पार्टी को लगा है।

बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक की बीजेपी सरकार में मंत्री रहे तीक्ष्ण सूद की पत्नी तक चुनाव हार गईं। निकाय चुनाव में बीजेपी को मायूसी हाथ लगी है और इसके पीछे वजह किसानों का गुस्सा माना जा रहा है। किसान आंदोलन का सबसे ज्यादा असर पंजाब और हरियाणा में है और निकाय चुनाव के नतीजों में यह साफ झलक रखा है।

कृषि कानूनों के खिलाफ जारी प्रदर्शन के बीच पंजाब में हुए निकाय चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। अब तक के नतीजे कांग्रेस को जहां सुकून देने वाले हैं, वहीं भाजपा को परेशान करने वाले हैं। पंजाब निकाय चुनाव के नतीजों में कांग्रेस जबरदस्त जीत की ओर बढ़ती दिख रही है, वहीं भाजपा और शिअद का प्रदर्शन काफी खराब दिख रहा है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले की अग्नि परीक्षा के तौर पर स्थानीय निकाय चुनाव के लिए आज वोटों की गिनती हो रही है। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से ही जारी है। दरअसल, पंजाब में 14 फरवरी को 117 स्थानीय निकायों पर चुनाव हुए थे, जिसमें से 109 नगरपालिका परिषद और नगर पंचायत हैं, वहीं, 8 नगर निगम शामिल हैं। आठ नगर निगम अबोहर, बठिंडा, बाटला, कपूरथला, मोहाली, होशियारपुर, पठानकोट और मोगा और 109 मगर पालिका परिषदों के 2252 वार्ड्स का रिजल्ट आज शाम तक स्पष्ट हो जाएगा। फिलहाल, शुरुआती नतीजों में कांग्रेस कमाल करती दिख रही है, वहीं नतीजों से ऐसा लग रहा है कि भाजपा को कृषि कानूनों का नुकसान होता दिख रहा है। तो चलिए जानते हैं पंजाब निकाय चुनाव के रुझान और नतीजे।

  • Tags

0 Comments

Leave us a Comment