मुख्यमंत्री और बागवानी मंत्री सचिवालय से भाग गए,किसान विरोधी सरकार में बागवानों का सामना करने की हिम्मत नहीं: अनिंदर सिंह नौटी, प्रदेशाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी, किसान विंग

शिमला, 5 अगस्त : आम आदमी पार्टी शिमला में हुए बागवानों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई। किसान विरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी किसान विंग के प्रदेशाध्यक्ष अनिंदर सिंह नौटी, लोकसभा क्षेत्र के अध्यक्ष राकेश आजटा और प्रवक्ता गौरव शर्मा सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बागवानों के विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बिना टोपी और झंडे शामिल हुए। आम आदमी पार्टी के किसान विंग के प्रदेशाध्यक्ष अन्निंदर सिंह नौटी के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता नवबहार में एकत्र होकर बागवानों के विरोध मार्च में शामिल होकर सचिवालय तक पहुंचे। सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए बागवानों ने सरकार विरोधी नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज किया। किसानों - बागवानों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।  

*मुख्यमंत्री और बागवानी मंत्री सचिवालय से भाग गए, विरोधी सरकार में बागवानों का सामना करने की हिम्मत नहीं किसान : अनिंदर सिंह नौटी, प्रदेशाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी, किसान विंग* 

आम आदमी पार्टी के किसान विंग के प्रदेशाध्यक्ष अनिंदर सिंह नौटी ने कहा कि बागवानों के विरोध प्रदर्शन से डरकर मुख्यमंत्री और बागवानी मंत्री सचिवालय छोड़कर भाग गए हैं। किसान-बागवान विरोधी सरकार में बागवानों का सामना करने की हिम्मत ही नहीं है। सरकार को पता था कि बागवान अपनी मांगों को लेकर आ रहे हैं तो बात सुनने के लिए मुख्यमंत्री और बागवानी मंत्री को होना चाहिए था। शिमला में सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए अनिंदर सिंह नौटी ने कहा कि भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण बागवान परेशान है। यह किसानों बागवानों के लिए जीवन मरण का सवाल है। किसानों-बागवानों की समस्या की जड़ केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार है। केंद्र की भाजपा सरकार किसानों के खिलाफ तीन काले कानून लेकर आई थी। जिसके विरोध में किसानों ने दिल्ली में लंबे समय तक विरोध दर्ज किया। भाजपा सरकार की नजरों में किसानों और गरीबों की जान की कोई कीमत नहीं है। 700 किसानों के मरने के बाद मोदी सरकार ने तीन काले कानून वापस लिए। उससे पहले सरकार ने किसानों की कोई बात नहीं सुनी। यही हाल हिमाचल की भाजपा सरकार कर रही है। हिमाचल में भी किसानों और बागवानों को अपने हकों के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ रहा है, लेकिन किसान विरोधी सरकार किसानों की समस्याओं को हल नहीं कर रही है।  

*लंबे समय से अन्याय सहन कर रहे बागवान, अब हक के लिए सड़कों पर उतरे, जब तक न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा* 

आम आदमी पार्टी के अनिंदर सिंह नौटी ने कहा कि हिमाचल के किसान बागवान लंबे समय से अन्याय झेल रहे हैं। अब बागवान अन्याय के खिलाफ और अपने हकों के लिए सड़कों पर उतर आए हैं। यह डबल इंजन की सरकार जीएसटी को लेकर बहाना बना रही है। वहीं सेब पर आयात शुल्क को डबल करने का वादा प्रधानमंत्री ने पालमपुर और शिमला में हिमाचल की जनता से किया था लेकिन वह भी आज तक पूरा नहीं किया। इसके विपरीत बागवानों को बर्बाद करने के लिए जीएसटी की दरें बढ़ा दीं हैं। जिससे साबित होता है कि भाजपा किसान बागवान विरोधी है। अनिंदर सिंह नौटी ने कहा कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलता तब तक हक के लिए आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

  • Tags

0 Comments

Leave us a Comment