पच्छाद में बदलाव यात्रा को मिला भारी जनसमर्थन, प्रभात फेरी के बाद निकाला रोड शो, जनता से किया संवाद

शिमला/पच्छाद : शिमला संसदीय क्षेत्र के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की जनता पीने के पानी को तरस रही है। क्षेत्र के लोगों की प्यास बुझाने के लिए वर्षों से गिरी परियोजना का काम चल रहा है लेकिन अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। पच्छाद से सत्ता पक्ष के विधायक होने पर भी विकास नहीं हो पाया है। विधायक अभी तक गिरी परियोजना से लोगों को पानी देने में नाकाम हैं।  गिरी परियोजना से पच्छाद क्षेत्र के अधिकांश भाग में पानी की सप्लाई होनी है। इससे सराहां तक पानी पहुंचाने की योजना है। इस योजना की पाइप बिछ चुकी हैं लेकिन आज तक पानी सप्लाई नहीं हो सकी। अब तो पेयजल सप्लाई के लिए लगी पाइपें भी टूटने लगी हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में सड़कों की हालत खस्ता है। नैना टिक्कर से ढंगयार सड़क भी बहुत खराब है। इसके साथ ही सराहां क्षेत्र को जाने वाली सड़कों की हालत खस्ता है। सराहां से नयाग्राम को जानी वाली सड़क भी बहुत खराब है। क्षेत्र की सभी लिंक रोड भी बदहाल हैं। इन सड़कों पर चलना लोगों के लिए मुश्किल है।  भाजपा सरकार ने गिनीगाढ़ में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की घोषणा की थी लेकिन अभी तक विकसित नहीं हो पाया है। उद्योगों के न लगने से क्षेत्र में बेरोजगारी की समस्या गंभीर है। लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के साधन नहीं हैं। क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने के लिए क्षेत्र की जनता स्थानीय विधायक और सरकार से लगातार मांग कर रही है लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। 

  • पच्छाद में बदलाव यात्रा को मिला भारी जनसमर्थन, प्रभात फेरी के बाद निकाला रोड शो, जनता से किया संवाद

आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा शिमला संसदीय क्षेत्र के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में निकली, जहां राजगढ़ सहित सभी कस्बों और गांवों में जनता का भारी समर्थन मिला। बदलाव यात्रा को नेतृत्व आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर और उपाध्यक्ष मनीष कुमार ने किया। राजगढ़ के मुख्य बाजार में प्रभात फेरी के साथ शुरु हुई बदलाव यात्रा में रोड शो भी निकाला गया। जो क्षेत्र के कस्बों और गांवों से गुजरता हुआ निकला। बदलाव यात्रा के दौरान आप नेताओं ने जनता से संवाद भी किया और आप की नीतियों का संदेश जनता तक पहुंचाया। वहीं क्षेत्र की जनता ने भी स्थानीय मु्द्दों और परेशानियों को आप नेताओं के समक्ष रखा। 

  • हिमाचल में ईमानदार सरकार बनाने के लिए विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को दें मौका

बदलाव यात्रा के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष कुमार ने जनता से अपील की है कि हिमाचल में ईमानदार सरकार बनाने के लिए विधानसभा चुनावों में आप को मौका दें। प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए हर साल करोड़ों रुपए का बजट होता है लेकिन कांग्रेस और भाजपा राज में फैले भ्रष्टाचार के कारण विकास नहीं हो पाया है। प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाएं बदहाल हैं। किसी भी सरकार ने स्कूलों, कॉलेजों और अस्पतालों को बेहतर करने के प्रयास नहीं किए। प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर दिल्ली मॉडल पर शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाएं बेहतर की जाएंगी।

  • Tags

0 Comments

Leave us a Comment